Wednesday, September 16, 2026
HomeSolan/Sirmaur/Shimlaसोलन रेडियो की 17वीं वर्षगांठ पर सम्मानित हुई प्रतिभाएं, ‘आपका पॉडकास्ट’ स्टूडियो...

सोलन रेडियो की 17वीं वर्षगांठ पर सम्मानित हुई प्रतिभाएं, ‘आपका पॉडकास्ट’ स्टूडियो का हुआ उद्घाटन

आकाशगंगा टाईम्स/सोलन
हिमाचल प्रदेश के पहले सामुदायिक रेडियो सोलन रेडियो 90.4 FM की 17वीं वर्षगांठ उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस मौके पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने ‘आपका पॉडकास्ट’ स्टूडियो का उद्घाटन किया।

उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सामुदायिक रेडियो समाज को जोड़ने, जागरूकता बढ़ाने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को अपने विचार और रचनात्मकता समाज के सामने रखने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में रेडियो के निदेशक डॉ. बी.एस. पंवार ने सोलन रेडियो की स्थापना और इसके उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह रेडियो पिछले 17 वर्षों से समाज के विभिन्न वर्गों तक जानकारी और जनहित से जुड़े विषयों को पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर ऑल इंडिया रेडियो चंडीगढ़ के प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव अश्विनी कुमार ने भी रेडियो की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सामुदायिक रेडियो स्थानीय मुद्दों और समाज की आवाज़ को सामने लाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

कार्यक्रम में नगर निगम के पूर्व चेयरमैन कुल राकेश पंत, प्रोफेसर आर.के. पठानिया, जिला कल्याण अधिकारी, भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त स्टेशन मास्टर दिनेश शर्मा, डॉ. वाई.एस. परमार विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रोफेसर टी.डी. वर्मा तथा दिल्ली विश्वविद्यालय से सेवानिवृत्त प्रोफेसर जी.डी. गुलाटी सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

इस दौरान अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अतिथियों को उपायुक्त मनमोहन शर्मा द्वारा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में पंवार इंस्टीट्यूट ऑफ क्रिएटिव स्किल्स के विद्यार्थियों ने सामाजिक विषयों पर आधारित प्रभावशाली डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों से माहौल को जीवंत बना दिया।

वहीं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उपायुक्त सोलन की ओर से प्रशस्ति पत्र और ‘मंथ ऑफ द स्टूडेंट’ अवार्ड प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का मंच संचालन अनिल राजपूत ने किया, जबकि आयोजन में अमन, प्रिया और मोनिका सहित रेडियो और संस्थान की टीम का विशेष सहयोग रहा। अंत में टैगोर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सोलन की प्रिंसिपल ललिता पंवार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments

A WordPress Commenter on Hello world!