आकाशगंगा टाईम्स/सिरमौर/कफोटा/सतौन
जिला सिरमौर के शिलाई विस क्षेत्र की सतौन–रेणुका जी सड़क की बदहाली, सतौन पुल की जर्जर हालत व सतौन में बंद पड़ी उप-तहसील की समस्याओं के उचित समाधान की मांग को लेकर युवाओं और समाजसेवियों ने एसडीएम कफोटा की अनुपस्थिति में सुप्रीडेंट एवं तहसीलदार कमरऊ को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वर्षों से लंबित जनसमस्याओं पर अब और लापरवाही सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा है कि सतौन–रेणुका जी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन को घेरते हुए कहा गया कि यह मार्ग क्षेत्र की जीवनरेखा है, लेकिन आज भी बदहाली का शिकार है। इसे शीघ्र चौड़ा और पक्का किया जाए, अन्यथा जनता सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।
सतौन में बंद पड़ी उप-तहसील को लेकर भी प्रशासन पर सवाल उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह सीधे तौर पर क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय है। इसे तुरंत बहाल किया जाए।
सतौन पुल की जर्जर हालत को “हादसे का इंतजार” करार देते हुए चेताया गया कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो किसी भी अनहोनी के लिए प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार होगा।
इस दौरान एडवोकेट दिनेश चौहान, मनोज पुंडीर, विक्रम चौहान (सदस्य परशुराम सेवा समिति, सचिव नवयुवक मंडल सतौन), हरिचंद शर्मा, यशपाल ठाकुर (अध्यक्ष नवयुवक मंडल चांदनी), विजेंद्र तोमर, अभी ठाकुर सहित क्षेत्र के अनेक युवा साथी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि 7 दिन के अंदर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो सतौन और आस पास के युवाओं को लामबंद करते हुए बड़ा आंदोलन किया जाएगा, और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि का विरोध किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
