आकाशगंगा टाईम्स/पांवटा साहिब (सिरमौर)।
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के क्लाथा-बढाना पंचायत के किल्लौड़ स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किल्लौड़ में गणतंत्र दिवस के अवसर पर NSS स्वयंसेवकों द्वारा विशेष नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया।
स्कूल के प्रिंसिपल विजय कुमार चौहान व NSS प्रभारी प्रवक्ता अनिल तोमर ने जानकारी देते हुए बताया कि गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य पर विद्यालय परिसर से किल्लौड़ बस स्टैंड तक स्वयंसेवकों द्वारा नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने तथा इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर छात्रों को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। रैली के दौरान स्वयंसेवकों ने नशा मुक्त समाज का संदेश देते हुए जागरूकता नारों के माध्यम से लोगों का ध्यान इस गंभीर सामाजिक समस्या की ओर आकर्षित किया।
इस जागरूकता रैली में विद्यालय के अध्यापक भी शामिल रहे, जिन्होंने स्वयंसेवकों का मार्गदर्शन किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना, उन्हें सही दिशा में मार्गदर्शन देना, सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना तथा नशा मुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा।
