आकाशगंगा टाईम्स/सिरमौर
जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब स्थित गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब में होला मोहल्ला मेले को लेकर एसडीएम गुंजित सिंह चीमा की अध्यक्षता में गुरुद्वारा पांवटा साहिब के सभागार में एक बैठक आयोजित हुई।
बैठक में होला मोहल्ला के सफल आयोजन के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक के दौरान चार दिवसीय कार्यक्रम की योजना पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से नगर कीर्तन, संगतों की आवाजाही और पार्किंग की समस्याओं पर मंथन किया गया। ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की समस्या ना हो।

इस बैठक में होला मोहल्ला के विशेष समागम के लिए मेला ग्राउंड, होला मोहल्ला में आने वाले संगतो की पार्किंग, मेले में पीने वाले पानी, मेले मे बिजली, फायर ब्रिगेड, गुरूद्वारा साहिब के आस पास की सफाई व सड़कों की मरम्मत, मेले में डॉक्टरो का प्रबंध और पार्किंग के विषय में चर्चा हुई।
श्री गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से 342 वां होला महल्ला मेला 28 फरवरी से 4 मार्च तक मनाया जाएगा। प्रबंधन समिति गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब के मीत प्रधान सरदार हरभजन सिंह, जनरल सेक्रेटरी सरदार हरप्रीत सिंह, मैनेजर सरदार जागीर सिंह तथा उप-प्रबंधक गुरमीत सिंह ने बताया कि इस वर्ष भी होला मोहल्ला बड़े धूमधाम से मनाया जा रहा है। 2 मार्च को अखंड पाठ होगा। इस दिन सुबह कीर्तन दरबार सजेगा। इसके बाद 1 बजे भव्य कीर्तन निकाला जाएगा।
इस दौरान गतका पार्टियां गतके का प्रदर्शन करेंगे। नगर कीर्तन गुरूद्वारा साहिब से शुरू होकर गीता भवन, मुख्य बाजार से बद्रीपुर फिर वापस श्री गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब पहुंचेगा।
जबकि 3 मार्च को खुले पंडाल मे बाहर दीवान सुबह 9 बजे से सांय 5 बजे तक सजेगा तथा इसी पंडाल मे रात को कवि दरबार सजेगा। जिसमें उच्च कोटि के पथंक कवि अपनी सुंदर रचनाओं को सुनाकर संगतो को निहाल करेंगे। इसमें गुरू घर के महान कीर्तनीय ढाढी जत्थे, गुरमत प्रचार एंव विद्वान संगतो को निहाल करेंगे। इस कवि सम्मेलन में जाने-माने कवि भाग लेंगे।

4 मार्च को निशान साहिब की सेवा और अमृत संचार होगा। इस बार भी मेले में भारी संख्या में चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों से भारी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर मेले का आनंद उठाएंगे।
इस पावन मौके पर गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब में गुरु महाराज जी का अटूट लंगर निरंतर चलता रहेगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाली संगत सेवा-भाव से प्रसाद ग्रहण करेगी।
प्रबंधक कमेटी ने संगत से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर 342वें होला मोहल्ला उत्सव को सफल बनाएं।
