आकाशगंगा टाईम्स/सिरमौर
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की कोटड़ी व्यास पंचायत से तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय सीनियर रग्बी चैंपियनशिप के लिए होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और खुशी का विषय बन गया है। चयनित खिलाड़ी रूबी, गगन और करण इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 16 से 21 अप्रैल 2026 तक बिहार की राजधानी पटना के राजगीर में इंडियन फुटबॉल रग्बी यूनियन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इस बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए तीनों खिलाड़ी इन दिनों पांवटा साहिब में आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। वे कोच सुधीर, नवप्रीत और डी. चौधरी के मार्गदर्शन में अपने खेल कौशल को और निखार रहे हैं।
इन खिलाड़ियों की उपलब्धि से न केवल कोटड़ी व्यास पंचायत, बल्कि पूरे पांवटा दून क्षेत्र, विद्यालयों और सिरमौर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई है। खिलाड़ियों के परिवारों और गांव में उत्सव जैसा माहौल है।
कोच धर्मेंद्र चौधरी ने भी खिलाड़ियों को इस बड़ी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
