आकाशगंगा टाईम्स/सिरमौर
जिला सिरमौर के आंज-भोज इलाके के अंबोया पंचायत स्थित राजकीय वरिष्ठ उच्च विद्यालय अंबोया को सीबीएसई (CBSE) विद्यालय का दर्जा प्रदान किया जाना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और सराहनीय उपलब्धि है। यह निर्णय न केवल स्थानीय शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा और मजबूती देगा, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं राष्ट्रीय स्तर की शिक्षा से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

सीबीएसई मान्यता प्राप्त होने से विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी, समान पाठ्यक्रम, तथा देशभर में शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध होंगे, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।
यह उपलब्धि राज्य सरकार की शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता, दूरदर्शी सोच और सतत प्रयासों का परिणाम है। इसके लिए समाजसेवी व मजदूर नेता प्रदीप चौहान ठूंडू ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आभार व्यक्त किया, जिनके नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा सुधारों को प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का भी आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
राजकीय वरिष्ठ उच्च विद्यालय अंबोया को सीबीएसई दर्जा मिलने से क्षेत्र के अभिभावकों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन, प्रशिक्षित शिक्षक, आधुनिक पाठ्यक्रम और राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप शिक्षा प्राप्त होगी। यह कदम निश्चित रूप से क्षेत्र के शैक्षणिक मानकों को ऊंचा उठाने के साथ-साथ युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा।

अंत में, इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राज्य सरकार के सभी संबंधित विभागों, शिक्षा अधिकारियों, विद्यालय प्रशासन तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी हार्दिक धन्यवाद, जिनके सामूहिक प्रयासों से यह संभव हो सका।
