आकाशगंगा टाईम्स/सिरमौर
जिला सिरमौर के कोलर निवासी अमर शहीद प्रीतम चंद के पैतृक गांव कोलर स्थित शहीदी स्थल पर भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब-शिलाई क्षेत्र सहित परिवार तथा गांव के सदस्यों ने अमर शहीद को श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
शहीद प्रीतम चंद 128वीं बटालियन, CRPF के अंतर्गत 1986 भर्ती हुए। 2004 में प्रीतम चंद जम्मू कश्मीर के बड़गाम (श्रीनगर) में तैनात थे। 19 मार्च 2004 को सिपाही प्रीतम चंद जम्मू कश्मीर में दुश्मनों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए।
वर्तमान में शहीद प्रीतम चंद के परिवार में उनकी पत्नी कौशल्या देवी उनके बेटे सुरेन्द्र व तनुज है। परिवार, गांव व क्षेत्र के सभी लोगों को सिपाही प्रीतम चंद के सर्वोच्च बलिदान पर गर्व है।
इस मौके पर भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र सगंठन के वरिष्ठ सदस्य सेवानिवृत्ति हवलदार निरंजन सिंह व शहीद के बटालियन से पधारे एवं पंचायत प्रतिनिधि व पंचायत सचिव ने स्मारक स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उसके उपरांत उपस्थिति लोगों ने राष्ट्रगान गाया। उपस्थित सभी लोगों ने भारत माता की जय व शहीद प्रीतम चंद अमर रहे के नारे लगाए।
भूतपूर्व सैनिक सगंठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र के पदाधिकारियों ने उपस्थित सभी नौजवानों से नशे से दूर तथा राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर काम करने की अपील की तथा देश के लिए हमेशा मर मिटने के लिए तैयार रहने की बात की।
इस अवसर पर शहीद के सुपुत्र सुरेंदर सिंह, शहीद प्रीतम चंद की बटालियन के हवलदार नीटू, ग्राम पंचायत पूर्व उप प्रधान व पंचायत सचिव, भूतपूर्व सैनिक संगठन पांवटा साहिब व शिलाई क्षेत्र के पदाधिकारी वरिष्ठ सदस्य हवलदार निरंजन सिंह, जसमेर सिंह, प्रीतम, दीप चंद, ASI पूरन सिंह व स्थानीय ग्रामवासी एवं गणमान्य सदस्य मौजूद रहे।
